सलोनी तिवारी: प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र के राजरूपपुर इलाके में रविवार को दर्दनाक हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार जगुआर कार ने 8 लोगों को रौंद दिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में 2 बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा – नशे में था कार चालक
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कार की रफ्तार बहुत अधिक थी और चालक नशे में धुत था। तेज गति के कारण कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचलती चली गई।
पुलिस ने कार कब्जे में ली
घटना की सूचना मिलते ही राजरूपपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में ले लिया। जानकारी के अनुसार, कार चलाने वाला युवक कामधेनु दुकान के मालिक का भतीजा बताया जा रहा है। वह अकेले ही कार चला रहा था। हादसे के बाद पुलिस ने घायल चालक को भी अस्पताल में भर्ती कराया।
नाराज भीड़ ने कार में की तोड़फोड़
हादसे में 55 वर्षीय प्रदीप पटेल की मौत हो गई। वह पेशे से इलेक्ट्रीशियन थे। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने से इनकार कर दिया और कार में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान भीड़ ने जमकर हंगामा किया, जिसे बाद में पुलिस ने नियंत्रित किया।
घायल लोगों का इलाज जारी
सभी घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि कुछ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।
