सलोनी तिवारी: महाराष्ट्र के नासिक रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मुंबई से बिहार जाने वाली कर्मभूमि एक्सप्रेस को पकड़ने की कोशिश में तीन यात्री ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार, त्योहारों का मौसम चल रहा है और बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर व यात्री मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य शहरों से अपने घर बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश लौट रहे हैं। इसी बीच यह हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कर्मभूमि एक्सप्रेस नासिक स्टेशन पर नहीं रुकती, लेकिन ट्रेन की रफ्तार यहां थोड़ी धीमी थी। इस दौरान तीन यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करने लगे। अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे ट्रेन की चपेट में आ गए।
घटना के बाद स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। रेलवे पुलिस (GRP) और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल मृतकों की पहचान की जा रही है, जो सभी बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करें।

