कानपुर में भीषण सड़क हादसा: मामा-भांजे की दर्दनाक मौत

सलोनी तिवारी: कानपुर: सचेंडी थाना क्षेत्र में  एक भीषण सड़क हादसे में मामा और भांजे की मौत हो गई, जबकि उनका साथी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद परिवार में दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं।

पनकी एसीपी शिखर के अनुसार, प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कानपुर साउथ के जरौली फेज-2 निवासी अनुराग मिश्रा उर्फ गोपाल (28) सोलर पैनल कंपनी में काम करते थे। शुक्रवार दोपहर उनके भांजे ओमदीप मिश्रा, जो कानपुर देहात के गजनेर मोहाना निवासी थे, उनसे मिलने घर आए थे। देर रात करीब 3:00 बजे अनुराग अपने साथी शुभम के साथ कार से ओमदीप को छोड़ने जा रहे थे।

किसान नगर के पास हाईवे पर उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अनुराग और ओमदीप को मृत घोषित कर दिया। शुभम की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।

परिजनों ने बताया कि ओमदीप मिश्रा बिजली विभाग में कार्यरत थे। करीब 5 साल पहले उनकी शादी अंकिता से हुई थी और उनका 2 साल का बेटा है। दीपावली के मौके पर हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है।

पनकी एसीपी शिखर ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सड़क किनारे खड़े ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *