महाराष्ट्र के नंदुरबार में दर्दनाक सड़क हादसा: अस्तंबा यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप गहरी खाई में गिरी, 6 की मौत, 10 से अधिक घायल

महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि अस्तंबा यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप गाड़ी चांदसैली घाट में पलट गई, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु अस्तंबा यात्रा संपन्न कर अपने गांव लौट रहे थे। घाट के तीखे मोड़ पर ड्राइवर का वाहन पर से नियंत्रण हट गया, जिसके बाद पिकअप गहरी खाई में जा गिरी।

घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन के नीचे कई लोग दब गए थे, जिन्हें निकालने के लिए स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से बचाव अभियान चलाया

घायलों को तुरंत तलोदा उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि गाड़ी में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे और वाहन तेज रफ्तार में था।

पुलिस ने मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस हृदयविदारक घटना से नंदुरबार जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *