सलोनी तिवारी: ग्रेटर नोएडा (गौतमबुद्ध नगर)। दनकौर कोतवाली क्षेत्र में स्थित यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार रात एक चलती बस में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि यह आग पटाखे की चिंगारी से लगी, जिससे बस की छत पर रखे सामान में अचानक आग भड़क उठी।
सूचना के अनुसार, यह निजी बस पंजाब के लुधियाना से आगरा जा रही थी, जिसमें लगभग 50 यात्री सवार थे। बस जैसे ही ग्रेटर नोएडा से यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते आगरा की ओर बढ़ रही थी, उसी दौरान बस की छत पर रखे सामान में आग लग गई।
चालक ने धुआं और लपटें देख तुरंत बस को एक्सप्रेसवे पर रोक दिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतरवाया। कुछ देर के लिए मौके पर अफरातफरी मच गई। यात्रियों ने भागकर अपनी जान बचाई।
सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस के अनुसार, इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि बस का ऊपरी हिस्सा और यात्रियों का सामान जलकर खाक हो गया।
फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बस में पटाखे कैसे मौजूद थे।

