सलोनी तिवारी: कानपुर, 16 अक्टूबर 2025 – आगामी त्योहारों के मद्देनज़र पुलिस उपायुक्त यातायात श्री रवीन्द्र कुमार ने आज शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौराहों का भौतिक निरीक्षण किया। उन्होंने बेहतर यातायात प्रबंधन और सुचारू व्यवस्था के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त ने निम्न स्थलों का भ्रमण किया:
-
हैलट हॉस्पिटल मार्ग व कार्डियोलॉजी मार्ग
-
गोल चौराहा
-
जरीब चौकी चौराहा
-
घंटाघर चौराहा
-
झकरकट्टी बस अड्डा
-
टाटमिल चौराहा
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मार्गों पर यातायात व्यवस्था, पार्किंग की स्थिति, तथा एम्बुलेंस एवं मरीजों के वाहनों की आवाजाही की सुगमता का जायज़ा लिया। उन्होंने यह निर्देश दिए कि त्योहारों के समय किसी भी प्रकार की यातायात अव्यवस्था न हो, इसके लिए अधिक आवागमन वाले स्थलों पर ट्रैफिक कर्मियों की पर्याप्त तैनाती, रूट डायवर्जन, और पार्किंग व्यवस्था को सुनिश्चित किया जाए।
विशेष रूप से एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता देने तथा सड़क किनारे अवैध पार्किंग को रोकने हेतु बल को सख्त निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि झकरकट्टी पुल और झकरकट्टी-टाटमिल मार्ग पर रोडवेज बसें अनधिकृत रूप से खड़ी थीं, जिससे जाम की स्थिति बन रही थी। इस पर बस चालकों को अपने निर्धारित स्थानों से ही यात्रियों को बैठाने-उतारने की हिदायत दी गई।
श्री कुमार ने नगर के व्यापार बंधुओं से अपील की कि वे अपनी दुकानों के सामने अतिक्रमण न करें, क्योंकि अतिक्रमण से न केवल यातायात बाधित होता है बल्कि नागरिकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि सभी व्यापारीगण जिम्मेदार नागरिक के रूप में प्रशासन का सहयोग करें ताकि शहर में आने वाले सभी नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और उल्लासपूर्ण त्योहारों का वातावरण मिल सके।
यदि किसी भी प्रकार का ट्रैफिक जाम या दबाव की स्थिति उत्पन्न होती है, तो नागरिक नीचे दिए गए नंबरों पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं:
1️⃣ ट्रैफिक कंट्रोल रूम: 9305104340
2️⃣ ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर: 9305104387

