सलोनी तिवारी: फिरोजाबाद जनपद के टूंडला थाना क्षेत्र के मदावली गांव में बुधवार देर रात जमीनी विवाद को लेकर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के पीछे चचेरे भाइयों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मृतक धर्मवीर और आरोपी लालजीत आपस में चचेरे भाई हैं। दोनों के बीच खेती की जमीन की मेड को लेकर विवाद चल रहा था। बताया गया कि दो दिन पहले लालजीत ने खेत की मेड जोत ली थी। इसी बात का उलाहना देने धर्मवीर बुधवार रात लालजीत के घर गया, जहां कहासुनी के दौरान लालजीत ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से धर्मवीर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आरोपी लालजीत मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और धर्मवीर को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक शहर रविशंकर प्रसाद ने बताया कि यह घटना जमीनी रंजिश के चलते हुई है। धर्मवीर के परिजनों की तहरीर पर आरोपी लालजीत के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

