दीपावली, भैयादूज और छठ पर योगी सरकार का तोहफा: यात्रियों के लिए चलेगी अतिरिक्त बसें

सलोनी तिवारी: लखनऊ: योगी सरकार ने दीपावली, भैयादूज और छठ पर्व पर प्रदेशवासियों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने उन लोगों के लिए विशेष योजना बनाई है जो रोजगार या पढ़ाई के सिलसिले में अपने घरों से दूर रहते हैं। प्रदेश में 18 से 30 अक्टूबर तक “प्रोत्साहन अवधि” घोषित की गई है, जिसके तहत यात्रियों की सुविधा के लिए अधिकतम बस संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।

दिल्ली से पूर्वांचल तक अतिरिक्त बसें

परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों — लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या, कानपुर आदि के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इसके अलावा गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़ और इटावा के लिए भी बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

सभी बसें रहेंगी ऑन रोड

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस अवधि में सभी निगम बसें 100% ऑन रोड रहें और किसी भी स्थिति में अनफिट बसों का संचालन न किया जाए। इसके साथ ही बस स्टेशनों पर साफ-सफाई, पीने के पानी, बैठने की व्यवस्था, डिजिटल समय सारिणी और यात्री सहायता केंद्रों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।

ड्राइवर-कंडक्टर को प्रोत्साहन राशि

सरकार ने परिवहन कर्मचारियों के लिए विशेष आर्थिक प्रोत्साहन योजना की घोषणा की है।

  • जो ड्राइवर-कंडक्टर 12 दिन ड्यूटी करते हुए औसतन 300 किमी प्रतिदिन बस चलाएंगे, उन्हें ₹400 प्रति दिन (कुल ₹4800) प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

  • अगर कोई कर्मचारी 13 दिन लगातार ड्यूटी करता है तो उसे ₹450 प्रति दिन (कुल ₹5850) मिलेंगे।

अनुबंधित और कार्यशाला कर्मियों को भी लाभ

  • अनुबंधित ड्राइवर-कंडक्टर को मानक से अधिक किलोमीटर पर ₹0.55 प्रति किमी अतिरिक्त मानदेय दिया जाएगा।

  • कार्यशाला कर्मचारियों को 13 दिन पर ₹2500 और 12 दिन पर ₹2100 प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

  • क्षेत्रीय प्रबंधक, सेवा प्रबंधक और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को भी प्रदर्शन के आधार पर ₹10,000, ₹5,000 और तय अनुपात में प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

सुरक्षा पर सख्ती

त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी ड्राइवर और परिचालकों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट अनिवार्य होगा। प्रवर्तन दलों को सतत निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं ताकि यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और निर्बाध रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *