सलोनी तिवारी: राजस्थान के जैसलमेर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मंगलवार (14 अक्टूबर) को सवारियों से भरी एक बस में अचानक आग लग गई, जिससे करीब 20 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह बस जैसलमेर से जोधपुर जा रही थी और उसमें 50 से अधिक यात्री सवार थे।
हादसा जैसलमेर शहर से कुछ ही दूरी पर हुआ। बताया जा रहा है कि बस के पिछले हिस्से में अचानक आग लगी और कुछ ही पलों में पूरी बस धूं-धूं कर जलने लगी। आगे की सीटों पर बैठे यात्री किसी तरह खिड़कियों से कूदकर बाहर निकल आए, लेकिन पीछे बैठे यात्री आग की लपटों में फंस गए।
अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 19 शव बस से निकाले जा चुके हैं, जबकि एक घायल की जोधपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। शव इतनी बुरी तरह से झुलसे हुए हैं कि उनकी पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है। प्रशासन ने सभी शवों के डीएनए सैंपल लेकर परिजनों से मिलान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी कारण अभी तक मृतकों की सूची जारी नहीं की गई है।
जब फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, तब तक बस आग का गोला बन चुकी थी। स्थानीय लोगों ने कई यात्रियों को बाहर निकाल लिया था, लेकिन जो अंदर फंसे हुए थे, उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस भीषण हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जैसलमेर के कलेक्टर और एसपी से बात कर पीड़ितों को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।

