कुपवाड़ा में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई: LoC पर दो आतंकी ढेर, इलाके में तलाशी अभियान जारी

सलोनी तिवारी: जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस ऑपरेशन में अब तक दो आतंकियों को मार गिराया गया है, जबकि सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान तेज कर दिया है। माना जा रहा है कि इलाके में अभी भी कुछ आतंकी छिपे हो सकते हैं।

यह अभियान तब शुरू हुआ जब सेना को घुसपैठ की कोशिश की जानकारी मिली। सूचना के आधार पर भारतीय सेना ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए क्षेत्र को सील कर दिया और आतंकियों की तलाश शुरू की।

इस बीच, सेना और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में वारसन क्षेत्र के ब्रिजथोर जंगलों में आतंकियों के एक ठिकाने का पर्दाफाश किया गया है। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने दो एके सीरीज राइफलें, चार रॉकेट लॉन्चर, भारी मात्रा में गोला-बारूद और अन्य युद्ध सामग्री बरामद की है। अधिकारियों के अनुसार, यह ऑपरेशन भारतीय सेना की चिनार कोर को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू किया गया था।

सुरक्षा एजेंसियां अब भी इलाके में छिपे अन्य आतंकियों की तलाश में जुटी हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले कुलगाम जिले के गुड्डर जंगल में भी इसी तरह की मुठभेड़ हुई थी, जिसमें दो आतंकी ढेर किए गए थे और दो जवान शहीद हुए थे। मारे गए एक आतंकी की पहचान शोपियां निवासी आमिर अहमद डार के रूप में हुई थी, जो लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था और सितंबर 2023 से सक्रिय था। वह पहलगाम हमले के बाद जारी की गई 14 वांछित आतंकियों की सूची में शामिल था।

कुपवाड़ा में चल रहा यह ऑपरेशन सीमा पार से जारी आतंकियों की बढ़ती गतिविधियों के मद्देनज़र बेहद अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *