सलोनी तिवारी: करवा चौथ का पावन व्रत देशभर में चंद्रमा के दर्शन के साथ श्रद्धा और उत्साह के बीच संपन्न हो गया। पति की लंबी आयु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना के लिए रखा गया यह निर्जला उपवास जैसे ही रात में चांद ने दर्शन दिए, पूरे भक्तिभाव के साथ पूर्ण किया गया।
सुबह सूर्योदय के साथ शुरू हुए इस कठिन व्रत के दौरान लाखों सुहागिन महिलाओं ने बिना जल ग्रहण किए पूरे दिन उपवास रखा। शाम होते-होते सभी की निगाहें आसमान की ओर टिकी थीं, और जैसे ही चंद्रमा ने दर्शन दिए, हर घर में उल्लास और पूजन का माहौल बन गया।
दिल्ली, मुंबई, कानपुर, लखनऊ, जयपुर और कोलकाता समेत देश के विभिन्न हिस्सों से चांद दिखने की खबरें आईं। चंद्रदर्शन के बाद व्रती महिलाओं ने विधिवत अर्घ्य अर्पित कर व्रत का पारण किया और अपने पतियों के दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की।
श्रद्धा, प्रेम और समर्पण से भरा यह पर्व एक बार फिर देशभर में हर्षोल्लास और पारंपरिक आस्था के साथ मनाया गया.


