सलोनी तिवारी: धनतेरस और दिवाली जैसे-जैसे करीब आ रहे हैं, सोने की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है। बीते तीन दिनों में सोना 6,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक उछल चुका है। बुधवार को तो सोना 2,600 रुपये की भारी बढ़त के साथ ₹1,26,600 प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई स्तर पर पहुंच गया। यानी दिवाली से पहले ही सोना सवा लाख के पार निकल गया है, जबकि एक्सपर्ट्स का अनुमान था कि यह स्तर दिवाली तक पहुंचेगा।
क्यों बढ़ रही है सोने की कीमत?
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बढ़ती भू-राजनीतिक अनिश्चितता और अमेरिका में जारी सरकारी शटडाउन जैसी परिस्थितियों के कारण निवेशक अब सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की ओर रुख कर रहे हैं।
ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, 99.9% शुद्धता वाला सोना मंगलवार (7 अक्टूबर) को ₹700 की बढ़त के साथ ₹1,24,000 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जबकि एक दिन पहले सोमवार को इसमें ₹2,700 की तेजी देखी गई थी।
सोने के साथ चांदी भी चमकी
दिल्ली के सर्राफा बाजार में बुधवार को 99.5% शुद्धता वाला सोना ₹2,600 बढ़कर ₹1,26,000 प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। मंगलवार को यह ₹1,23,400 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
चांदी ने भी जोरदार छलांग लगाई। बुधवार को चांदी ₹3,000 उछलकर ₹1,57,000 प्रति किलोग्राम के अपने ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई, जबकि मंगलवार को यह ₹1,54,000 प्रति किलोग्राम थी।
विदेशी बाजारों में भी तेजी
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हाजिर सोना करीब 2% चढ़कर $4,049.59 प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
वहीं हाजिर चांदी 2% से अधिक बढ़कर $48.99 प्रति औंस के उच्च स्तर पर पहुंच गई।
निवेशकों के लिए संकेत
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में भी सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। हालांकि, जो निवेशक दीर्घकालिक सुरक्षित निवेश की सोच रहे हैं, उनके लिए यह समय गोल्ड में निवेश का गोल्डन अवसर साबित हो सकता है।


