सलोनी तिवारी: लखनऊ। नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार को कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया है। यह फेरबदल राज्य में विकास योजनाओं को गति देने, प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने और जनसेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है।
इस व्यापक बदलाव से नियोजन, अर्थव्यवस्था, परिवहन, पर्यटन और स्थानीय निकायों जैसे महत्वपूर्ण विभाग प्रभावित हुए हैं।
सबसे प्रमुख परिवर्तन नियोजन विभाग में हुआ है। सेल्वा कुमारी जे., जो पहले सचिव, नियोजन विभाग एवं महानिदेशक, अर्थ एवं संख्या के पद पर तैनात थीं, अब महानिदेशक, प्राविधिक शिक्षा एवं सचिव, प्राविधिक शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगी। उनकी जगह समीर वर्मा, आईएएस (प्रतीक्षारत) को नियोजन विभाग का सचिव एवं महानिदेशक, अर्थ एवं संख्या बनाया गया है। वर्मा की नियुक्ति से राज्य की आर्थिक नीतियों और योजना निर्माण को नई दिशा मिलने की संभावना है।
परिवहन विभाग में भी बड़ा बदलाव किया गया है। प्रभु नारायण सिंह, आईएएस (प्रतीक्षारत) को प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) नियुक्त किया गया है। वे मासूम अली सरवर की जगह लेंगे, जिन्हें अब मुख्य कार्यपालक अधिकारी, उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड के पद पर तैनात किया गया है। परिवहन निगम, जो राज्य की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का आधार है, सिंह के नेतृत्व में नई दिशा पा सकता है।
पर्यटन विभाग में भी नया नेतृत्व नियुक्त किया गया है। आशीष कुमार, विशेष सचिव, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग को अब प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम बनाया गया है।
वहीं, कानपुर नगर के नगर आयुक्त सुधीर कुमार को स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है।
रायबरेली के मुख्य विकास अधिकारी अर्पित उपाध्याय को कानपुर नगर का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष अंजुलता को रायबरेली का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।


