सलोनी तिवारी: कानपुर/उन्नाव: गंगापुल रेलवे ट्रैक पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक सब्जी विक्रेता की मौत हो गई। हादसे के बाद स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस करीब 20 मिनट तक वहीं खड़ी रही, जिससे अन्य ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ।
गंगाघाट क्षेत्र के राजीवनगर खंती निवासी 48 वर्षीय श्रीराम उर्फ पप्पू गंगापुल रेलवे क्रॉसिंग की ढाल पर सब्जी बेचने का काम करता था। मंगलवार शाम लगभग साढ़े चार बजे वह चाय लेने के लिए जा रहा था, तभी अप लाइन से तेज रफ्तार में आ रही शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। हादसे में श्रीराम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद करीब 20 मिनट तक शताब्दी एक्सप्रेस वहीं रुकी रही। इस दौरान गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर मेमू ट्रेन संख्या 64211 खड़ी रही, जबकि उन्नाव स्टेशन पर गोरखपुर-यशवंतपुर एक्सप्रेस भी रोकी गई।
सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और रेलकर्मी मौके पर पहुंचे और शव को ट्रैक से हटवाया। ट्रैक क्लियर होने के बाद शताब्दी एक्सप्रेस को आगे रवाना किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।


