सलोनी तिवारी: बहराइच: मोतीपुर थाना क्षेत्र के लखीमपुर हाइवे पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब श्रद्धालुओं से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में लगभग 70 श्रद्धालु सवार थे, जो श्रावस्ती जिले के भीनगा क्षेत्र से मानोना धाम के दर्शन करके वापस लौट रहे थे।
इस दुर्घटना में 22 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 5 श्रद्धालुओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन पहुंच गया और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया। सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मोतीपुर में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बस की रफ्तार तेज थी और मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन प्रशासन की तत्परता से गंभीर घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका।


