फर्रुखाबाद: कोचिंग सेंटर में भीषण विस्फोट, दो बच्चों की मौत, आठ गंभीर घायल – एक किलोमीटर दूर तक हिले मकान

नवदीप चतुर्वेदी: फर्रुखाबाद। जिले के कादरी गेट थाना क्षेत्र स्थित सातनपुर मंडी के पास शनिवार को एक कोचिंग सेंटर में भीषण विस्फोट हो गया। इस दर्दनाक हादसे में पढ़ाई कर रहे करीब 10 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि आसपास के मकानों की दीवारें और छतें तक हिल गईं। एक किलोमीटर दूर तक लोग विस्फोट की गूंज महसूस कर सकते थे। कोचिंग सेंटर का पूरा स्ट्रक्चर ध्वस्त हो गया। बाहर की दीवारें और स्लैब 50 मीटर दूर जाकर गिरीं, जबकि लोहे की जाली डेढ़ सौ मीटर दूर पानी के गड्ढे में जा गिरी।

घटना की भयावहता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि कई छात्रों के शरीर के टुकड़े मौके पर ही बिखरे मिले। छात्रों की मोटरसाइकिल, स्कूटी और साइकिल भी कई मीटर दूर जा गिरीं।

सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने एक शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार बंसल भी मौके पर पहुंचे और उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट दी। फिलहाल विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है।


AMD न्यूज़ पोर्टल – महिलाओं के सशक्तिकरण, धार्मिक व सामाजिक सरोकारों को समर्पित आपका भरोसेमंद डिजिटल मंच।
न्यूज़ एजेंसी व विज्ञापन हेतु संपर्क करें ! 087078 05733

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *