सलोनी तिवारी: उन्नाव:नगर स्थित सिद्धपीठ श्री माँ कल्याणी देवी मंदिर में विजयादशमी के अवसर पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। रात्रि 10 बजे माँ की शयन आरती के उपरांत परंपरागत महाप्रसाद और माँ का खजाना भक्तों की अपार भीड़ को वितरित किया गया।
भक्तों ने आस्था के साथ माँ के चरणों में शीश नवाया और प्रसाद ग्रहण कर स्वयं को धन्य महसूस किया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भक्ति गीतों और जयकारों की गूंज वातावरण को भक्तिमय बना रही।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर की स्वच्छता व्यवस्था में लगातार सहयोग करने वाले कार सेवकों को सम्मानित भी किया गया।
महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम में मंदिर कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष पी.के. मिश्रा, सचिव कमलेशनाथ अवस्थी, कोषाध्यक्ष सर्वेंद्र सिंह चौहान, उपसचिव गोपाल तिवारी तथा महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था करने वाले प्रकाश ज्वैलर्स के प्रोपराइटर अनूप वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मंदिर कमेटी ने कहा कि यह आयोजन भक्तों की आस्था और सहयोग से ही संभव हुआ है और भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों का सिलसिला जारी रहेगा।


