सलोनी तिवारी: मिर्जापुर/वाराणसी। भारतीय शास्त्रीय संगीत जगत के दिग्गज और पद्मविभूषण से सम्मानित पंडित छन्नूलाल मिश्र का गुरुवार तड़के निधन हो गया। वे 89 वर्ष के थे। पंडित जी ने सुबह करीब 4:15 बजे अपनी बेटी नम्रता मिश्रा के मिर्जापुर स्थित घर पर अंतिम सांस ली।
परिवार के अनुसार, पंडित जी का अंतिम संस्कार आज शाम वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर किया जाएगा।
पंडित छन्नूलाल मिश्र न केवल अपने गायन के लिए बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए भी जाने जाते थे। वे बनारस घराने के प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक थे और ठुमरी, दादरा, चौती, कजरी और भजन गायन में विशेष पहचान रखते थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भी उनका विशेष संबंध रहा। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में वाराणसी से नामांकन दाखिल करते समय वे मोदी के प्रस्तावक भी बने थे।
संगीत की दुनिया में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें भारत सरकार ने 2002 में पद्मभूषण और 2010 में पद्मविभूषण से सम्मानित किया था।
संगीत प्रेमियों और बनारस घराने के लिए पंडित छन्नूलाल मिश्र का निधन अपूरणीय क्षति है। काशी में आज उनका अंतिम संस्कार संगीत की परंपरा और भावनाओं के साथ किया जाएगा।


