1 अक्टूबर से लागू हुए बड़े वित्तीय बदलाव: यूपीआई पुल ट्रांजेक्शन बंद, रेलवे टिकट बुकिंग नियम सख्त

सलोनी तिवारी: 1 अक्टूबर 2025 से कई बड़े वित्तीय और गैर-वित्तीय बदलाव लागू हो गए हैं। इन बदलावों का सीधा असर आम लोगों पर पड़ेगा। इनमें यूपीआई ट्रांजेक्शन, रेलवे टिकट बुकिंग, पेंशन निवेश, बैंक लॉकर चार्ज, स्पीड पोस्ट शुल्क और ऑनलाइन गेमिंग नियम जैसे अहम बदलाव शामिल हैं। आइए विस्तार से जानते हैं—


 यूपीआई पर पुल ट्रांजेक्शन सुविधा बंद

भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) ने आज से यूपीआई प्लेटफॉर्म (PhonePe, Google Pay, Paytm) पर पुल ट्रांजेक्शन या कलेक्ट रिक्वेस्ट सुविधा को बंद कर दिया है। अब यूजर्स किसी से पैसे मांग नहीं पाएंगे। यह कदम सुरक्षा बढ़ाने और धोखाधड़ी रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है।


 पेंशन निवेश की सीमा 100% तक

गैर-सरकारी अंशधारक अब अपनी पेंशन राशि का 100% तक इक्विटी योजनाओं में निवेश कर सकेंगे। पहले यह सीमा 75% थी। साथ ही PRAN कार्ड और ई-PRAN किट शुल्क में भी संशोधन किया गया है। सरकारी और निजी क्षेत्र के कर्मचारियों के लिए शुल्क अलग-अलग होंगे।


 रेलवे टिकट बुकिंग का नया नियम

आज से रेलवे की ऑनलाइन रिजर्वेशन विंडो खुलने के बाद पहले 15 मिनट सिर्फ आधार सत्यापित यूजर्स ही टिकट बुक कर सकेंगे। यह कदम टिकटों के दुरुपयोग को रोकने और बुकिंग सिस्टम को सुव्यवस्थित करने के लिए लागू किया गया है।


 ऑनलाइन गेमिंग के नए नियम

एक अक्टूबर से ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े नियमों में भी बदलाव किए गए हैं। अब इसमें आयु सीमा और लाइसेंसिंग आवश्यकताओं पर सख्ती होगी ताकि पारदर्शिता और सुरक्षा बढ़ सके।


 PNB में लॉकर और सेवाएं महंगी

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने 1 अक्टूबर से लॉकर और अन्य बैंकिंग सेवाओं के शुल्क में बढ़ोतरी कर दी है। इसके चलते अब लॉकर रखना महंगा हो जाएगा। साथ ही नामांकन शुल्क भी बढ़ाया गया है।


 स्पीड पोस्ट शुल्क में बढ़ोतरी

डाक विभाग ने आज से स्पीड पोस्ट शुल्क बढ़ा दिया है। अब पार्सल भेजने पर ज्यादा खर्च करना होगा। साथ ही स्पीड पोस्ट को OTP आधारित डिलीवरी सिस्टम से जोड़ा गया है। अब प्राप्तकर्ता का सत्यापन होने के बाद ही पार्सल डिलीवर किया जाएगा।


AMD न्यूज़ पोर्टल – महिलाओं के सशक्तिकरण, धार्मिक व सामाजिक सरोकारों को समर्पित आपका भरोसेमंद डिजिटल मंच।
न्यूज़ एजेंसी व विज्ञापन हेतु संपर्क करें ! 087078 05733

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *