Earthquake Today in Myanmar: म्यांमार में 4.7 तीव्रता का भूकंप, पूर्वोत्तर भारत में भी महसूस हुए झटके

भारत के पड़ोसी देश म्यांमार में मंगलवार (30 सितंबर, 2025) की सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.7 दर्ज की गई है। नेशनल सेंटर ऑफ सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, यह झटके सुबह करीब 6:10 बजे आए और इसका असर भारत के पूर्वोत्तर राज्यों—मणिपुर, नगालैंड और असम में भी महसूस किया गया।

भूकंप का केंद्र और गहराई

एनसीएस के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र मणिपुर से दक्षिण-पूर्व में 27 किलोमीटर दूर उखरुल क्षेत्र में रहा। भूकंप की गहराई जमीन से 15 किलोमीटर नीचे बताई गई है। यह स्थान नगालैंड के वोखा से करीब 155 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व और दीमापुर से लगभग 159 किलोमीटर दक्षिणपूर्व में स्थित है।

3 दिन पहले बांग्लादेश में आया था भूकंप

गौरतलब है कि 27 सितंबर को भारत के एक अन्य पड़ोसी देश बांग्लादेश में भी भूकंप आया था। उस समय रिक्टर स्केल पर तीव्रता 3.5 दर्ज की गई थी और भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर गहराई में था।

महाराष्ट्र और तिब्बत में भी महसूस हुए झटके

म्यांमार के भूकंप से पहले, सोमवार देर रात महाराष्ट्र के सतारा जिले में भी झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र कोल्हापुर से 91 किमी उत्तर-पश्चिम में रहा, जिसकी गहराई मात्र 5 किलोमीटर थी। वहीं, मंगलवार तड़के सुबह तिब्बत में 4:28 बजे 3.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। हालांकि, इन सभी भूकंपों में किसी भी तरह की जान-माल की हानि की खबर नहीं है।

बार-बार भूकंप आने से चिंता

लगातार म्यांमार, बांग्लादेश, भारत और तिब्बत में भूकंप के झटके दर्ज होने से विशेषज्ञों ने सतर्क रहने की सलाह दी है। भूवैज्ञानिकों के मुताबिक, यह क्षेत्र भूकंपीय रूप से सक्रिय जोन में आता है, जहाँ भूकंप की संभावना हमेशा बनी रहती है।


AMD न्यूज़ पोर्टल – महिलाओं के सशक्तिकरण, धार्मिक व सामाजिक सरोकारों को समर्पित आपका भरोसेमंद डिजिटल मंच।
न्यूज़ एजेंसी व विज्ञापन हेतु संपर्क करें !
मार्केटिंग स्टाफ की आवश्यकता ! 087078 05733

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *