सलोनी तिवारी: कानपुर। नवरात्रि का पावन पर्व कानपुरवासियों के लिए और भी खास हो जाता है जब बात आती है बिरहाना रोड स्थित तपेश्वरी देवी मंदिर (Tapeshwari Devi Mandir, Kanpur) की। यहाँ नवरात्रि के दौरान सुबह से ही भक्तों का सैलाब उमड़ रहा है। श्रद्धालु माँ तपेश्वरी देवी के दरबार में दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े होकर भक्ति भाव से “जय माता दी” के जयकारे लगा रहे हैं।
तपेश्वरी देवी मंदिर को रामायणकाल से जुड़ा माना जाता है। मान्यता है कि माता सीता ने अपने पुत्र लव और कुश का मुंडन संस्कार यहीं पर कराया था। तभी से इस स्थान का महत्व और भी बढ़ गया। यही कारण है कि आज भी इस मंदिर में बच्चों के मुंडन संस्कार कराने की परंपरा बनी हुई है और लोग दूर-दूर से यहाँ आकर अपने बच्चों का मुंडन करवाते हैं।
नवरात्रि के अवसर पर मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है। फूलों और रोशनी से सजे माँ तपेश्वरी देवी के दरबार में विशेष पूजा, दुर्गा सप्तशती पाठ, भजन-कीर्तन और आरती का आयोजन किया जा रहा है। भक्त माँ के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं।
मंदिर के आसपास लगे मेले ने भी वातावरण को धार्मिक और उत्सवमय बना दिया है। मेले में बच्चों के लिए झूले, खाने-पीने के स्टॉल, खिलौने और धार्मिक सामान की दुकानें आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। दर्शन के बाद श्रद्धालु परिवार संग मेले का आनंद ले रहे हैं।
भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। पुलिस और स्वयंसेवकों की टीम लगातार निगरानी कर रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो।


