नवदीप चतुर्वेदी: कानपुर। शहर के व्यस्त इलाके स्वरूप नगर में सोमवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, गलत दिशा से आ रही एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा में चली गई और सीधे मेट्रो की पार्किंग में घुस गई। अचानक हुए इस हादसे में पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप तेज रफ्तार में थी और गलत साइड से आने के कारण संतुलन बिगड़ गया। टक्कर लगते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना मिली है, जिसे नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
घटना स्वरूप नगर थाने के सामने मेट्रो पार्किंग में हुई, जिससे पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया।मामले की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस इलाके में गलत दिशा में आने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

