तमिलनाडु: करूर में विजय की रैली में भगदड़ !

तमिलनाडु के करूर में शनिवार को तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) प्रमुख विजय की चुनावी रैली के दौरान भगदड़ मचने से पांच लोगों के मारे जाने की आशंका है. इस घटना की वजह से एक्टर से नेता बने विजय को अपना भाषण कुछ देर के लिए रोकना पड़ा. भारी भीड़ की वजह से कई लोग बेहोश हो गए और स्थिति बेकाबू हो गई.

बताया जा रहा है कि जब विजय भाषण दे रहे थे, तब भीड़ अचानक बढ़ गई और नियंत्रण से बाहर हो गई. इसी दौरान कई कार्यकर्ता और बच्चे गिर गए व बेहोश हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हालात को बिगड़ता देख कार्यकर्ताओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद विजय ने तुरंत अपना भाषण रोक दिया. उन्होंने अपने विशेष प्रचार वाहन से नीचे मौजूद लोगों की तरफ पानी की बोतलें फेंकीं. भगदड़ के कारण एंबुलेंस को भी मौके पर पहुंचने में काफी दिक्कत हुई.

इस घटना के बाद मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने तुरंत अधिकारियों और मंत्रियों को निर्देश दिया कि वे भीड़ में बेहोश हुए और अस्पताल में भर्ती कराए गए लोगों के लिए तत्काल चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करें. स्टालिन ने ट्वीट किया कि उन्होंने पूर्व मंत्री वी सेंथिलबालाजी, स्वास्थ्य मंत्री मा. सुब्रमण्यम और करूर कलेक्टर को प्राथमिकता के आधार पर इलाज की निगरानी करने का निर्देश दिया है. उन्होंने स्कूली शिक्षा मंत्री अंबिल महेश पोय्यामोझी से भी ‘युद्धस्तर पर’ मदद देने को कहा है.

स्टालिन ने एडीजीपी से भी बात की और हालात को फौरन नियंत्रित करने के लिए कदम उठाने को कहा. उन्होंने जनता से भी स्थिति को संभालने में डॉक्टरों और पुलिस का सहयोग करने की अपील की. इस घटना से पहले का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें एक्टर विजय रैली के दौरान गुम हुई एक लड़की का ऐलान कर रहे थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *