ITR फाइलिंग की आज आखिरी तारीख: 6 करोड़ से ज्यादा रिटर्न दाखिल

नई दिल्ली: इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइल करने का आज यानी 15 सितंबर 2025 आखिरी मौका है। अब तक देशभर में 6 करोड़ से ज्यादा रिटर्न दाखिल किए जा चुके हैं। अंतिम समय में टैक्सपेयर्स को परेशानी न हो, इसके लिए आयकर विभाग ने 24X7 सपोर्ट सर्विस की व्यवस्था की है। हालांकि, डेडलाइन आगे बढ़ाने को लेकर अटकलें जरूर हैं लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।

अंतिम समय में बड़ी संख्या में लोग धड़ाधड़ ITR फाइल कर रहे हैं, जिससे पोर्टल पर दबाव बढ़ गया है। इसे समझाने के लिए आयकर विभाग ने उदाहरण देते हुए कहा कि यह किसी 4-6 लेन वाले हाईवे पर ट्रैफिक जाम जैसा है, जहां कुछ गाड़ियां तेज निकल जाती हैं तो कुछ को धीरे-धीरे आगे बढ़ना पड़ता है।

इसी बीच, 13 सितंबर 2025 को विभाग ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी थी कि अब Annual Information Statement (AIS) किसी भी थर्ड-पार्टी सॉफ्टवेयर से डाउनलोड नहीं किया जा सकता। टैक्सपेयर्स को सीधे ई-फाइलिंग ITR पोर्टल पर लॉग इन कर AIS कंप्लायंस पोर्टल (https://ais.insight.gov.in/complianceportal/ais) से ही AIS डाउनलोड करना होगा।

हालांकि, AIS डाउनलोड को लेकर यूजर्स के अलग-अलग अनुभव सामने आ रहे हैं। कुछ का कहना है कि पोर्टल तेजी से काम कर रहा है और कुछ ही सेकंड में AIS डाउनलोड हो रहा है, जबकि कई यूजर्स के लिए इसमें 10 मिनट तक का समय लग रहा है।

विशेषज्ञों का कहना है कि अंतिम समय में पोर्टल पर दबाव और तकनीकी गड़बड़ियां आम बात हैं। इसलिए टैक्सपेयर्स को आखिरी वक्त तक इंतजार करने की बजाय जल्द से जल्द रिटर्न दाखिल करने की सलाह दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *