गुजरात के भरूच में भीषण फैक्ट्री आग

सलोनी तिवारी: गुजरात के भरूच जिले में एक बड़ा हादसा हो गया। भरूच के GIDC पानोली स्थित संघवी ऑर्गेनिक्स प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया।

आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 15 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि आग तेजी से फैलती जा रही है, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फैक्ट्री से उठता काला धुआं और लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही हैं।

फिलहाल राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी भी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। लेकिन फैक्ट्री को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

दमकल विभाग के अधिकारी और कर्मचारी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। आग पर पूरी तरह नियंत्रण होने के बाद ही नुकसान का सही अंदाजा लगाया जा सकेगा। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *