मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. रामगुलाम 12 सितम्बर को करेंगे रामलला के दर्शन

सलोनी तिवारी: अयोध्या। मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन चंद्र रामगुलाम शुक्रवार को अयोध्या दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह अपने परिवार समेत श्रीराम जन्मभूमि पहुंचकर रामलला और राजा राम के दर्शन करेंगे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं उनका स्वागत करेंगे। विदेशी मेहमान के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं।

एयरपोर्ट पर पारंपरिक स्वागत

डॉ. रामगुलाम सुबह 11 बजे अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उनके साथ परिवार, मॉरीशस पीएमओ के वरिष्ठ अधिकारी और कैबिनेट मंत्री भी मौजूद रहेंगे। एयरपोर्ट पर लोक कलाकारों द्वारा पारंपरिक शैली में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए उनका स्वागत किया जाएगा।

राम मंदिर में डेढ़ घंटे का कार्यक्रम

डीएम निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री का काफिला प्रयागराज-लखनऊ हाईवे होते हुए सीधे राम मंदिर पहुंचेगा। करीब 15 किमी की दूरी तय करने के बाद वह मंदिर परिसर में लगभग डेढ़ घंटे रुकेंगे। इस दौरान वह रामलला के दर्शन करेंगे, मंदिर निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे और जटायु व अंगद टीले पर भगवान शिव का जलाभिषेक भी करेंगे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारी उनका स्वागत करेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए एयरपोर्ट से लेकर राम मंदिर तक विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उनके गुजरने के दौरान हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात रोका जाएगा। डीएम और एसएसपी ने पुलिस लाइन सभागार में बैठक कर अधिकारियों को कड़ी निगरानी और सतर्कता के निर्देश दिए।

दूसरे प्रधानमंत्री होंगे दर्शक

रामलला के दर्शन करने के बाद डॉ. रामगुलाम दोपहर एक बजे एयरपोर्ट से आगे की यात्रा के लिए रवाना हो जाएंगे। वह राम मंदिर में दर्शन करने वाले दूसरे विदेशी प्रधानमंत्री होंगे। इससे पहले 5 सितंबर को भूटान के प्रधानमंत्री दासो शेरिंग तोबगे अयोध्या पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *