सलोनी तिवारी: नई दिल्ली। – भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और महान राजनेता अटल बिहारी वाजपेयी की 7वीं पुण्यतिथि पर आज पूरे देश ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दिल्ली स्थित ‘सदैव अटल’ स्मृति स्थल पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन हुआ, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रिमंडल के कई वरिष्ठ सदस्य और भाजपा के शीर्ष नेता उपस्थित रहे।
राष्ट्रपति मुर्मू ने वाजपेयी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि “अटल जी भारतीय राजनीति में आदर्श थे, जिनका जीवन हमें सदैव प्रेरणा देता रहेगा।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि संदेश साझा किया और लिखा कि वाजपेयी जी का नेतृत्व, उनके विचार और उनकी दूरदृष्टि आज भी नए भारत की आधारशिला हैं।
सदैव अटल स्थल पर विशेष प्रार्थना सभा में मंत्रोच्चारण, भजन, और राष्ट्र के लिए उनके योगदान का स्मरण किया गया। भाजपा नेताओं ने वाजपेयी की राजनीति में उनकी सौम्यता, कूटनीति में दृढ़ता और कवि हृदय को याद किया।
अटल बिहारी वाजपेयी, जिन्होंने तीन बार प्रधानमंत्री पद संभाला, भारतीय राजनीति के ऐसे युगपुरुष रहे जिनका योगदान न केवल भाजपा बल्कि पूरे देश के लोकतांत्रिक इतिहास में अमिट रहेगा। उनकी कविताएँ, उनका व्यक्तित्व और उनके निर्णय आज भी राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणा देते हैं।

