दिल्ली में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, आईजीआई एयरपोर्ट पर 300 से अधिक उड़ानें विलंबित

सलोनी तिवारी: राजधानी दिल्ली में शनिवार को हुई भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। लगातार हो रही वर्षा का असर राष्ट्रीय राजधानी स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) पर भी देखने को मिला, जहां खराब मौसम के कारण 300 से अधिक उड़ानों में देरी हुई। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि किसी भी उड़ान का मार्ग परिवर्तित नहीं किया गया।

शनिवार तड़के से शुरू हुई बारिश ने हवाई यातायात की रफ्तार धीमी कर दी। आंकड़ों के अनुसार, प्रस्थान से जुड़ी 63 प्रतिशत उड़ानें विलंबित रहीं, जिनमें से लगभग एक-तिहाई उड़ानों का प्रस्थान एक घंटे या उससे अधिक समय तक टल गया। प्रस्थान करने वाली उड़ानों में औसत विलंब का समय करीब 20 मिनट रहा।

वहीं आगमन वाली उड़ानों में करीब 20 प्रतिशत देरी का सामना करना पड़ा, लेकिन यहां औसत विलंब केवल पांच मिनट के आसपास दर्ज किया गया, जो प्रस्थान के मुकाबले बेहतर स्थिति रही।

खराब मौसम को देखते हुए सभी प्रमुख एयरलाइंस ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की। एयरलाइंस ने यात्रियों से अपील की कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच कर लें। साथ ही, वर्षा के कारण दिल्ली की सड़कों पर जाम और जलभराव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *