कानपुर जिला जेल में शुक्रवार देर रात एक बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई, जब हत्या के मामले में बंद आरोपी असरुद्दीन जेल से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और मामला डीजी जेल तक पहुंचा। डीजी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चार जेल कर्मियों को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, जाजमऊ निवासी असरुद्दीन को 14 जनवरी 2024 को हत्या के आरोप में जेल भेजा गया था। जेल अधीक्षक डॉ. बी.डी. पांडेय ने बताया कि आरोपी के फरार होने पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी की तलाश में जेल के आसपास के क्षेत्रों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड आदि स्थानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

