आईएमए कानपुर का ‘जितेंद्र कुमार लोहिया सभागार’ 10 अगस्त को होगा भव्य उद्घाटन

सलोनी तिवारी: कानपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) कानपुर द्वारा 8 अगस्त, शुक्रवार को आईएमए भवन, परेड स्थित सेमिनार हाल में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस वार्ता का उद्देश्य आगामी 10 अगस्त, रविवार को नवनिर्मित ‘जितेंद्र कुमार लोहिया सभागार’ के भव्य उद्घाटन कार्यक्रम की जानकारी साझा करना था।

पत्रकार वार्ता में आईएमए कानपुर की अध्यक्ष डॉ. नंदिनी रस्तोगी, सचिव डॉ. विकास मिश्रा, बिल्डिंग कमेटी के चेयरमैन डॉ. वी. सी. रस्तोगी और कन्वेनर डॉ. एस. के. मिश्रा ने संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित किया।

डॉ. नंदिनी रस्तोगी ने बताया कि यह सभागार आईएमए कानपुर की वर्षों पुरानी आवश्यकता को पूरा करेगा। अब चिकित्सा जगत से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम, सेमिनार और संवाद के लिए एक भव्य एवं आधुनिक मंच उपलब्ध होगा। उन्होंने परियोजना में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कन्वेनर डॉ. एस. के. मिश्रा ने कहा कि उद्घाटन समारोह आईएमए के लिए एक ऐतिहासिक क्षण होगा। परियोजना के निर्माण में हर स्तर पर गुणवत्ता और आधुनिकता का विशेष ध्यान रखा गया है। सभागार का डिज़ाइन, ध्वनि व्यवस्था और बैठने की क्षमता इसे आदर्श बनाते हैं।

सचिव डॉ. विकास मिश्रा ने बताया कि सभागार में लगभग 350 लोगों के बैठने की क्षमता है, उच्च गुणवत्ता की ऑडियो-विजुअल प्रणाली, पूर्ण वातानुकूलन, प्रोजेक्टर स्क्रीन और आधुनिक स्टेज लाइटिंग सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह न केवल आईएमए की गतिविधियों के लिए, बल्कि चिकित्सा क्षेत्र के प्रशिक्षण, संगोष्ठियों और सामाजिक आयोजनों के लिए भी उपयुक्त होगा।

चेयरमैन डॉ. वी. सी. रस्तोगी ने बताया कि उद्घाटन समारोह में आईएमए के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिलीप भानुशाली मुख्य अतिथि होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस कमिश्नर श्री अखिल कुमार (आईपीएस) और लोहिया कॉर्प लिमिटेड के चेयरमैन एवं एमडी श्री राज कुमार लोहिया मौजूद रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *