सलोनी तिवारी: बादशाहीनाका थाना क्षेत्र के 50/185 माली वाली गली नोघड़ा में बुधवार रात करीब 8:32 बजे एक जर्जर मकान अचानक धराशायी हो गया। सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मकान के मलबे में पांच लोगों के फंसे होने की खबर पर तुरंत रेस्क्यू टीम और अग्निशमन अधिकारी लाटूश रोड अपनी यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
SHO बादशाहीनाका द्वारा मिली सूचना के आधार पर अग्निशमन दल ने मलबे में फंसे लोगों की कराहने की आवाजें सुनते हुए तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब एक घंटे के अथक प्रयास के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मलबे से निकाले गए व्यक्तियों की सूची इस प्रकार है:
-
रामकिशोर (पुत्र रामप्यारे), उम्र 55 वर्ष
-
शुभी (पुत्री रामकिशोर), उम्र 14 वर्ष
-
गौरव (पुत्र पिंटू कश्यप), उम्र 13 वर्ष
-
साक्षी (पुत्री पिंटू कश्यप), उम्र 19 वर्ष
-
बीना कश्यप (पत्नी पिंटू कश्यप), उम्र 40 वर्ष
इनमें रामकिशोर को आंशिक रूप से चोटें आईं, जिन्हें तुरंत उर्सला अस्पताल की इमरजेंसी यूनिट में भर्ती कराया गया। शेष सभी सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।
घटनास्थल पर एसीपी आशुतोष सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई के चलते किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रशासन द्वारा जर्जर मकानों की जांच और सूचीबद्ध करने का निर्देश पहले ही जारी किया गया है। इस घटना ने एक बार फिर पुराने एवं जर्जर भवनों की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

