इस्कॉन कानपुर में भव्य झूलन यात्रा महोत्सव का हुआ शुभारंभ

सलोनी तिवारी: अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) कानपुर में 5 अगस्त मंगलवार से भव्य झूलन यात्रा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। यह पावन महोत्सव प्रतिवर्ष पवित्र एकादशी से लेकर श्री बलराम पूर्णिमा तक पूरे विश्व के इस्कॉन मंदिरों में श्री राधा-कृष्ण की झूलन लीला के रूप में अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है।

इस महोत्सव का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण और श्री राधारानी की सुमधुर लीलाओं का स्मरण कर भक्तों को भक्ति और प्रेम के रस में सराबोर करना है। इस्कॉन कानपुर में भी यह उत्सव 5 अगस्त से 9 अगस्त (शनिवार) तक चल रहा है।

प्रत्येक दिन संध्या 7:00 बजे मंदिर प्रांगण में पुष्पों और रत्नों से सजाए गए भव्य झूले पर श्री श्री राधा माधव जी को झुलाया जा रहा है। इस अवसर पर मंदिर को वृंदावन के निकुंज जैसे पुष्पों, फलों और लताओं से आकर्षक रूप से सजाया गया है। वातावरण में भक्तिमय कीर्तन, भजनों और घंटियों की गूंज भक्तों को दिव्य अनुभूति प्रदान कर रही है।

मंदिर अध्यक्ष श्री प्रेम हरिनाम प्रभु जी ने समस्त कानपुरवासियों को इस अलौकिक उत्सव में सपरिवार पधारने का आग्रह किया है, जिससे अधिकाधिक लोग भगवान के प्रेम और भक्ति रस का अनुभव कर सकें।

महोत्सव की विशेषता यह भी है कि 9 अगस्त को इस्कॉन द्वारा श्री बलराम जी का प्राकट्य उत्सव भी भव्य तरीके से मनाया जाएगा, जिसमें विशेष पूजा-अर्चना, कीर्तन और महाप्रसाद का आयोजन होगा।

इसके साथ ही इस्कॉन कानपुर द्वारा इस वर्ष 15, 16 और 17 अगस्त को शहर का सबसे भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें हजारों भक्तों के शामिल होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *