रात में उड़ रहे संदिग्ध ड्रोन पर सीएम योगी सख्त, गैंगस्टर एक्ट और NSA में होगी कार्रवाई

उत्तर प्रदेश के कई जिलों से बीते कुछ दिनों से ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि रात के समय आसमान में संदिग्ध ड्रोन उड़ते देखे गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इसको लेकर दहशत का माहौल है। कुछ जगहों पर चोरी की घटनाओं से इन ड्रोन को जोड़ते हुए अफवाहें फैलीं, जिससे लोग रात-रात भर पहरा देने को मजबूर हो गए।

इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री कार्यालय से साफ निर्देश दिए गए हैं कि ड्रोन के जरिए किसी भी प्रकार से दहशत फैलाने वालों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के अंतर्गत भी केस दर्ज करने का आदेश दिया गया है।

सीएम योगी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह से रोक रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव गृह और पुलिस महानिदेशक (DGP) को निर्देश दिया है कि सभी जिलों में ड्रोन गतिविधियों की गहराई से समीक्षा की जाए। इसके साथ ही ड्रोन मॉनिटरिंग सिस्टम को बेहतर बनाया जाए और रात्रिकालीन पेट्रोलिंग को नियमित किया जाए, जिससे आमजन के बीच सुरक्षा को लेकर भरोसा बना रहे।

सीएम योगी ने साफ संदेश दिया है कि –

“प्रदेश में अफवाह फैलाने या भय का माहौल बनाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी तकनीक का दुरुपयोग करेगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई तय है।”

राज्य सरकार द्वारा उठाए गए इन कदमों से स्पष्ट है कि अब कोई भी व्यक्ति या गिरोह तकनीक के माध्यम से आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं कर सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *