सलोनी तिवारी: मुंबई: कारोबारी सप्ताह के चौथे दिन भारतीय शेयर बाजार पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसले का जबरदस्त असर देखने को मिला। बीएसई सेंसेक्स 786 अंकों की गिरावट के साथ 80,695.50 पर खुला, जबकि एनएसई निफ्टी 0.86 फीसदी की गिरावट के साथ 24,642.25 के स्तर पर ट्रेडिंग की शुरुआत की।
इस गिरावट की प्रमुख वजह ट्रंप द्वारा भारत के कुछ निर्यातों पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा मानी जा रही है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि भारत अमेरिका का मित्र है, लेकिन रूस से सैन्य उपकरण और तेल खरीदने की वजह से उसे अब अमेरिकी टैरिफ और जुर्माने का सामना करना पड़ेगा। ट्रंप ने भारत को दुनिया के उन देशों में गिना, जो सबसे ज्यादा आयात शुल्क (टैरिफ) लगाते हैं।
बुधवार का बाजार प्रदर्शन
बुधवार को बाजार में हल्की तेजी देखी गई थी। बीएसई सेंसेक्स 143 अंकों की बढ़त के साथ 81,481.86 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 0.14 फीसदी की बढ़त के साथ 24,855.05 पर क्लोज हुआ।
टॉप गेनर्स और लूजर्स
बुधवार को कारोबार के दौरान एलएंडटी, टाटा कंज्यूमर, एनटीपीसी, सन फार्मा और ग्रासिम इंडस्ट्रीज के शेयर टॉप गेनर रहे। वहीं टाटा मोटर्स, हीरो मोटोकॉर्प, डॉ. रेड्डीज लैब, श्रीराम फाइनेंस और एमएंडएम के शेयर टॉप लूजर की सूची में शामिल रहे।
सेक्टोरल परफॉर्मेंस
मीडिया, ऑटो और रियल्टी सेक्टर में लगभग 0.5% की गिरावट दर्ज की गई, जबकि आईटी और एफएमसीजी सेक्टरों में खरीदारी देखने को मिली। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी मामूली बढ़त के साथ बंद हुए।
निफ्टी एफएमसीजी, मेटल और फार्मा शेयरों में हल्की तेजी आई, जबकि निफ्टी मिडकैप 100 में गिरावट और स्मॉलकैप 100 में बढ़त रही।
भविष्य की चिंता और अनिश्चितता
राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा 1 अगस्त की समयसीमा से पहले भारत पर टैरिफ और जुर्माना लगाने की चेतावनी ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया है। साथ ही भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर अनिश्चितता भी बाजार पर भारी पड़ी है। सरकारी सूत्रों के हवाले से खबर है कि भारत कुछ उत्पादों पर 20 से 25 प्रतिशत अमेरिकी टैरिफ के लिए तैयार है।

