सलोनी तिवारी: लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बार फिर प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। सोमवार देर रात योगी सरकार ने 23 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस लिस्ट में 10 जिलों के जिलाधिकारी (DM) भी शामिल हैं। गोरखपुर, गाजियाबाद, प्रयागराज, गौतमबुद्ध नगर, कासगंज, कानपुर देहात, बहराइच, मिर्जापुर, गोंडा और ललितपुर के डीएम बदले गए हैं।
गोंडा की जिलाधिकारी रहीं नेहा शर्मा को प्रभारी महानिरीक्षक निबंधन, और बहराइच की डीएम मोनिका रानी को विशेष सचिव बेसिक शिक्षा विभाग एवं अपर महानिदेशक स्कूल शिक्षा बनाया गया है।
गौरव दयाल, मंडलायुक्त अयोध्या को गृह विभाग का सचिव और राजेश कुमार को अयोध्या मंडल का नया मंडलायुक्त बनाया गया है।
गोरखपुर के डीएम कृष्ण करुणेश को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, नोएडा, और गाजियाबाद के डीएम दीपक मीणा को गोरखपुर का डीएम नियुक्त किया गया है। प्रयागराज के डीएम रविंद्र कुमार मंदर को गाजियाबाद, जबकि गौतमबुद्ध नगर के डीएम मनीष कुमार वर्मा को प्रयागराज का नया डीएम बनाया गया है।
प्रणय सिंह को कासगंज का डीएम, कानपुर देहात के डीएम आलोक सिंह को राज्य संपत्ति विभाग में विशेष सचिव एवं अधिकारी, और कपिल सिंह को कानपुर देहात का नया डीएम बनाया गया है।
ललितपुर के डीएम अक्षय त्रिपाठी को बहराइच, और अमनदीप डुली को ललितपुर का डीएम बनाया गया है। मिर्जापुर की डीएम प्रियंका रंजन का ट्रांसफर गोंडा हुआ है, जबकि पवन कुमार गंगवार को मिर्जापुर का डीएम बनाया गया है।
प्रणता एश्वर्या को सीडीओ सीतापुर, मिनिष्ती एस को गन्ना आयुक्त, प्रमोद कुमार उपाध्याय को समाज कल्याण विभाग का सचिव, सारिका मोहन को वित्त विभाग का सचिव, अमृत त्रिपाठी को उच्च शिक्षा विभाग का सचिव, और बिमल कुमार दुबे को बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण का सीईओ (अतिरिक्त प्रभार) सौंपा गया है।

