सलोनी तिवारी: चित्रकूट, उत्तर प्रदेश: भगवान श्रीराम की तपोभूमि धर्मनगरी चित्रकूट में गुरुवार को सावन माह की अमावस्या पर लगने वाले भव्य मेले में करीब 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की संयुक्त प्रशासनिक टीम ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

मेले से एक दिन पहले से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब चित्रकूट की ओर बढ़ चला है। रामघाट पर मंदाकिनी नदी में स्नान, मत्तगयेन्द्रनाथ मंदिर में जलाभिषेक और कामदगिरि परिक्रमा के लिए श्रद्धालु दूर-दूर से पैदल व सवारी वाहनों से आ रहे हैं।
प्रशासन ने घाटों पर स्नान के दौरान गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था बनाई है। लेटकर परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि मार्ग में बाधा न हो।
भीड़भाड़ में जेबकट, छेड़खानी व चैन स्नैचिंग जैसी घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है, साथ ही सड़क अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर पालिका और पुलिस को सतर्क किया गया है।

