सलोनी तिवारी: उन्नावः जिले के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अब लखनऊ से दिल्ली के बीच चलने वाली देश की प्रमुख सुपरफास्ट ट्रेन स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस का ठहराव उन्नाव रेलवे स्टेशन पर भी होगा। अभी तक यह ट्रेन केवल लखनऊ से चलकर कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर ही रुकती थी, जिससे उन्नाव के यात्रियों को काफी असुविधा होती थी। लेकिन अब केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की स्वीकृति के बाद यह सुविधा संभव हो पाई है।
इस फैसले के पीछे मुख्य भूमिका निभाई है भारतीय जनता पार्टी के सांसद डॉ. साक्षी महाराज ने। उन्होंने रेल मंत्री को पत्र लिखकर यह मांग रखी थी कि उन्नाव जैसे औद्योगिक, शैक्षिक और राजनीतिक दृष्टि से उभरते जिले में स्वर्ण शताब्दी जैसी महत्वपूर्ण ट्रेन का ठहराव आवश्यक है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री लखनऊ और दिल्ली के लिए सफर करते हैं, ऐसे में यह ठहराव व्यापारियों, छात्रों, सरकारी कर्मचारियों और आम जनता के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा।
रेल मंत्री ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस का ठहराव उन्नाव में करने की स्वीकृति दे दी है। इससे न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि रेलवे को भी यात्री संख्या में वृद्धि के रूप में लाभ होगा।
उल्लेखनीय है कि स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस देश की सबसे तेज़ और सुविधाजनक ट्रेनों में से एक है, जो राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बीच चलती है। अब तक उन्नाव के यात्रियों को इसके लिए लखनऊ या कानपुर जाना पड़ता था, लेकिन अब वे अपने ही जिले से सीधे सफर कर सकेंगे।
सांसद साक्षी महाराज ने इस निर्णय पर प्रसन्नता जताते हुए कहा, “उन्नाव के लोगों की वर्षों पुरानी मांग को हमने संसद और मंत्रालय में मजबूती से उठाया और आज उसका परिणाम सबके सामने है। यह ठहराव जिले के विकास और लोगों की सुविधा के लिए एक ऐतिहासिक कदम है।”
इस बीच उन्नाव रेलवे स्टेशन प्रशासन ने भी निर्णय की पुष्टि करते हुए बताया है कि ट्रेन के ठहराव के लिए आवश्यक तैयारियाँ शुरू कर दी गई हैं और जल्द ही इसकी औपचारिक शुरुआत कर दी जाएगी। शहरवासियों और यात्रियों में इस खबर को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

