कानपुर। शनिवार सुबह कानपुर में एक बड़ा रेल हादसा होने से टल गया। लगातार हो रही बारिश के कारण चौबेपुर के मरियानी अंडरपास के पास रेलवे ट्रैक की मिट्टी बह गई, जिससे ट्रैक अस्थिर हो गया। इसी ट्रैक से जब कालिंदी एक्सप्रेस गुजरी तो इंजन चालक को अचानक झटका महसूस हुआ। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तत्परता दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाई और तुरंत ट्रेन को रोक दिया।
ट्रेन रुकते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया और कई यात्री डर के मारे नीचे उतर आए। लेकिन चालक की समय रहते की गई कार्रवाई ने एक बड़े रेल हादसे को टाल दिया और सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई।
रेलवे प्रशासन को सूचना मिलते ही इंजीनियरों की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक की जांच शुरू कर दी। करीब 45 मिनट के रुकाव के बाद ट्रैक की मरम्मत कर ट्रेन को रवाना किया गया।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है, जिससे रेल व सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जलभराव और ट्रैक धंसने जैसी घटनाएं रेलवे प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन चुकी हैं।

