कानपुर समेत आसपास के जिलों में मूसलाधार बारिश का कहर

सलोनी तिवारी: कानपुर और आस-पास के जिलों में हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शनिवार सुबह से लगातार हो रही तेज बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है। कानपुर से लखनऊ की ओर जाने वाले मार्गों पर विजिबिलिटी (दृश्यता) कई जगहों पर शून्य हो गई, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है।

रामदेवी पुल पर सुबह से ही भारी जाम की स्थिति बनी हुई है, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों द्वारा ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है। हाईवे पर भी जगह-जगह पानी भर गया है, जिससे भारी वाहन और बसों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि अगले तीन घंटों के भीतर औरैया, बाराबंकी, फतेहपुर, हमीरपुर, जालौन, कानपुर देहात, कानपुर नगर, लखनऊ, रायबरेली और उन्नाव जिलों में गरज-चमक के साथ तेज़ से बहुत तेज़ बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।

जनता से अपील की गई है कि वे आवश्यक न हो तो घरों से बाहर न निकलें और जलजमाव वाले इलाकों से बचकर रहें। प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें अलर्ट मोड पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *