सीतापुर जनपद के थानगांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब स्कूली बच्चों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पांच फीट गहरे गड्ढे में पलट गई। हादसे में एक 8 वर्षीय बच्चे सज्जाद पुत्र जावेद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 15 छात्र घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरदार बल्लभ भाई पटेल कन्या इंटर शिक्षण संस्थान, गोडैचा की बस बच्चों को स्कूल ले जा रही थी। उसी दौरान ललकपुरवा निवासी सज्जाद, जो सड़क के किनारे बकरी चरा रहा था, अचानक सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में ड्राइवर ने बस की दिशा बदली लेकिन नियंत्रण खो बैठा और बस गड्ढे में जा गिरी।
घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी दक्षिणी दुर्गेश कुमार समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का निरीक्षण किया। घायलों का इलाज सीएचसी रेउसा में चल रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए मृतक बच्चे के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और राहत कार्यों में कोई ढिलाई न बरती जाए।
यह हादसा एक बार फिर स्कूली वाहनों की सुरक्षा और सड़कों की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है। प्रशासन और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी है कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, जिससे ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

