सलोनी तिवारी: अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (ISKCON) कानपुर ने आज एक और महत्वपूर्ण सेवा कार्य का शुभारंभ किया — अत्याधुनिक ‘फूड फ़ॉर लाइफ़’ किचन की स्थापना, जिसका उद्देश्य नगर के ज़रूरतमंदों को ताज़ा, पौष्टिक और प्रसादमयी भोजन उपलब्ध कराना है। यह सेवा न केवल भक्ति का विस्तार है, बल्कि सामाजिक करुणा का भी प्रत्यक्ष उदाहरण है।
इस सेवा योजना का उद्घाटन श्रीमान् देवकीनन्दन प्रभुजी, ज़ोनल सेक्रेटरी (उत्तर भारत), ISKCON द्वारा किया गया। उन्होंने इस अवसर पर कहा:
“जहाँ भी भगवान श्रीकृष्ण का मंदिर हो, वहाँ कोई भूखा न रहे — यही हमारा प्रयास है।”
इस शुभ अवसर पर कई प्रतिष्ठित उद्योगपतियों और समाजसेवियों की उपस्थिति रही, जिनमें प्रमुख हैं:
-
मनोज अग्रवाल (मयूर फ़ाउंडेशन)
-
अम्बरीश अग्रवाल (राधा मोहन पुरुषोत्तम दास ज्वेलर्स)
-
राजेश गुप्ता (लाला पुरुषोत्तम दास ज्वेलर्स)
-
अभिषेक अग्रवाल (अचिन्त्य सिक्योरिटीज)
-
प्रभात शुक्ला, एसके पालीवाल, मुकेश पालीवाल, और लल्लू अग्रवाल
इन सभी प्रतिष्ठानों द्वारा ISKCON कानपुर को CSR (कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व) के अंतर्गत योगदान प्रदान किया गया है, जिससे यह रसोईघर नियमित रूप से संचालित हो सकेगा।
इस योजना को प्रारंभ करने की प्रेरणा ISKCON द्वारा कुंभ मेला और पुरी रथयात्रा जैसे विशाल आयोजनों में अदानी फाउंडेशन के साथ मिलकर किए गए सफल भोजन-वितरण कार्यों से मिली।
‘फूड फ़ॉर लाइफ़’ किचन का लक्ष्य आने वाले सप्ताहों में प्रतिदिन हज़ारों ज़रूरतमंदों को निशुल्क भोजन-प्रसाद प्रदान करना है। यह पहल ISKCON की वैश्विक ‘फूड फ़ॉर लाइफ़ योजना’ का ही हिस्सा है, जो विश्वभर में प्रसाद वितरण के माध्यम से करुणा, सेवा और भक्ति का प्रचार कर रही है।
यह रसोईघर केवल भूख मिटाने का माध्यम नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक सेवा है, जो ‘अन्नं ब्रह्म’ की भावना को साकार करती है। ISKCON कानपुर की यह पहल निश्चित रूप से कानपुर शहर में सेवा, समर्पण और संस्कार का नया आयाम स्थापित करेगी।

