मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के प्रसिद्ध बागेश्वर धाम में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। आरती के बाद बारिश से बचने के लिए टेंट के नीचे खड़े श्रद्धालुओं पर टेंट गिर गया। इस हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य घायल हो गए हैं।
यह हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ, जब श्रद्धालु आरती के बाद बारिश के चलते टेंट के नीचे खड़े हो गए थे। इसी दौरान टेंट गिर गया और लोहे का एंगल यूपी के बस्ती जिले से आए एक श्रद्धालु श्यामलाल कौशल (उम्र 50 वर्ष) के सिर पर गिरा, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे में राजेश कुमार कौशल, सौम्या, पारुल, उन्नति सहित कुल आठ लोग घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित राजेश कुमार कौशल ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ बुधवार रात बागेश्वर धाम पहुंचे थे। शुक्रवार को पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का जन्मदिवस है, जिसके दर्शन के लिए वे गुरुवार सुबह तैयार होकर आए थे। तभी यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की खबर मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
बागेश्वर धाम, श्री हनुमान जी (बालाजी महाराज) की दिव्यता और चमत्कारी दरबार के लिए देशभर में प्रसिद्ध है, और यहां हर दिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस हादसे ने पूरे परिसर में शोक की लहर दौड़ा दी है।
वहीँ पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी ने आगामी दिनों में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी स्थगित कर दिया है।

