“स्कूल खुलने पर अपर पुलिस उपायुक्त यातायात श्रीमती अर्चना सिंह की अपील: बच्चों की सुरक्षा में न बरतें लापरवाही”

सलोनी तिवारी: जुलाई माह के साथ ही शहर के सभी स्कूल दोबारा खुल चुके हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अपर पुलिस उपायुक्त यातायात श्रीमती अर्चना सिंह ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे स्कूल आने-जाने के दौरान ट्रैफिक नियमों का पालन करें और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

श्रीमती अर्चना सिंह ने कहा कि कई बार लापरवाही के कारण हादसे होते हैं, जिन्हें थोड़ी सजगता से रोका जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को ट्रैफिक नियमों के बारे में जागरूक करें। स्कूल बस या वैन के पूरी तरह रुकने के बाद ही बच्चे उसमें चढ़ें या उतरें। बच्चों को सिखाएं कि चलती गाड़ी से बाहर हाथ या सिर न निकालें और ड्राइवर-कंडक्टर को अनावश्यक रूप से परेशान न करें।

सड़क पार करते समय दोनों ओर देखकर ही पार करें और छोटे बच्चों को बस तक छोड़ने के लिए अभिभावक स्वयं जाएं। साथ ही, नाबालिग बच्चों को किसी भी हाल में दोपहिया या चारपहिया वाहन न चलाने दें, क्योंकि इससे उनकी और दूसरों की जान को खतरा हो सकता है।

यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने बताया कि आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करें और बच्चों को भी इस नंबर के बारे में जानकारी दें।

अपर पुलिस उपायुक्त ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है, विशेषकर जब बात हमारे बच्चों की सुरक्षा की हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *