कांटा लगा गर्ल शेफाली जरीवाला का 42 की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन

सलोनी तिवारी: मुंबई: बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री और डांसर शेफाली जरीवाला का शुक्रवार देर रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे 42 वर्ष की थीं। बताया जा रहा है कि देर रात उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद उनके पति पराग त्यागी उन्हें तुरंत अंधेरी लोखंडवाला स्थित बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शेफाली को ‘कांटा लगा गर्ल’ के नाम से पहचान मिली थी। 2000 के दशक में रिलीज हुए मशहूर रीमिक्स सॉन्ग ‘कांटा लगा’ से उन्होंने रातोंरात लोकप्रियता हासिल की थी। इसके अलावा, उन्होंने रियलिटी शो बिग बॉस 13 में भी हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, शेफाली को उनके पति पराग त्यागी और तीन अन्य लोग अस्पताल लेकर पहुंचे थे। हालांकि अस्पताल स्टाफ का कहना है कि उन्हें अस्पताल लाए जाने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी। बाद में उनके शव को आगे की प्रक्रिया के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया।

बॉलीवुड इंडस्ट्री और फैन्स के बीच शेफाली की अचानक मृत्यु की खबर से शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्रिटी उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *