सलोनी तिवारी: कानपुर: शुक्रवार को शहर में भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथ यात्रा उस वक्त विवादों में घिर गई, जब नयागंज क्षेत्र से निकलने वाली यात्रा के दौरान पुलिस और समिति के पदाधिकारियों के बीच साउंड सिस्टम को लेकर टकराव हो गया। आरोप है कि बादशाही नाका चौकी इंचार्ज ने रथ यात्रा प्रबंधन समिति और संतों के साथ अभद्रता की, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई।
घटना के बाद पनकी मंदिर के महंत जितेंद्र दास ने ऐलान किया कि यदि रात 8 बजे तक प्रशासन उनकी मांगें नहीं मानता और चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई नहीं करता, तो वे नयागंज चौराहे पर आत्मदाह करेंगे। महंत के इस ऐलान से माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना के विरोध में समिति, व्यापारी और भाजपा नेता एकजुट हो गए और नयागंज बाजार बंद करा दिया गया। यात्रा शाम 2:15 बजे निकलनी थी, लेकिन तीन घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद यात्रा प्रारंभ नहीं हो सकी।
महंत जितेंद्र दास और कृष्णदास ने बताया कि पुलिस द्वारा बैंड में सीमित साउंड लगाने को कहा गया, जिसका विरोध करने पर उनके साथ बदसलूकी की गई। संतों ने मांग की है कि जब तक संबंधित पुलिस अधिकारी को निलंबित नहीं किया जाएगा, रथ यात्रा आगे नहीं बढ़ेगी।


