फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना रजावली क्षेत्र में टूंडला-एटा मार्ग पर नगला सिकंदर के पास यात्रियों से भरी हुई एक रोडवेज बस ईंटों से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह बस एटा से आगरा की ओर जा रही थी और आगरा फोर्ट डिपो से संचालित की जा रही थी। बस में कुल 48 यात्री सवार थे। रास्ते में नगला सिकंदर के पास अचानक सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली से बस की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस की आधी छत तक उड़ गई और सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची थाना रजावली पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा गया।
इस हादसे में करीब 12 लोगों को मामूली चोटें भी आई हैं। घायलों का इलाज ज़िला अस्पताल में जारी है। मृतक की पहचान की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रैक्टर ट्रॉली चालक की तलाश में जुटी है, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रैक्टर ट्रॉली बिना किसी संकेत या रिफ्लेक्टर के सड़क किनारे खड़ी थी, जिससे हादसा हुआ। यह घटना एक बार फिर से सवाल उठाती है कि कैसे लापरवाही और नियमों की अनदेखी लोगों की जान पर भारी पड़ रही है।

