सलोनी तिवारी: नई दिल्ली। हाईवे पर सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने टोल विवादों और बार-बार टोल भुगतान की झंझट को खत्म करने के लिए एक नया फास्टैग-आधारित वार्षिक पास लॉन्च करने का ऐलान किया है। इस वार्षिक पास की घोषणा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर की।
यह वार्षिक पास विशेष रूप से निजी गैर-व्यावसायिक वाहनों — जैसे कार, जीप और वैन — के लिए लागू होगा। इसकी कीमत ₹3,000 प्रति वर्ष रखी गई है और यह 15 अगस्त 2025 से देशभर में लागू होगा।
क्या है इस वार्षिक पास की खासियत?
-
यह पास या तो 200 ट्रिप्स तक वैध रहेगा या एक साल तक, जो भी पहले पूरा हो जाए।
-
खासतौर पर यह पास टोल प्लाजा से 60 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले यात्रियों के लिए फायदेमंद साबित होगा, जो रोजाना हाईवे पर अप-डाउन करते हैं।
-
इस वार्षिक पास को ‘राजमार्ग यात्रा’ मोबाइल ऐप, NHAI और सड़क परिवहन मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त किया जा सकेगा।
-
एक्टिवेशन और रिन्युअल के लिए एक अलग लिंक भी जल्द जारी किया जाएगा।
नितिन गडकरी ने कहा कि, “इस सुविधा का मकसद हाईवे यात्रियों को टोल भुगतान की बार-बार होने वाली असुविधा से निजात दिलाना है। अब एक बार ₹3,000 देकर सालभर के लिए टोल भुगतान की चिंता खत्म हो जाएगी।”

