सलोनी तिवारी: कानपुर – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अपने कानपुर दौरे पर पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए शुभम द्विवेदी के परिजनों से मिले। चकेरी एयरपोर्ट पर उतरते ही पीएम मोदी सीधे शुभम के परिवार से मिलने पहुंचे। शुभम के माता-पिता संजय और सीमा द्विवेदी तथा पत्नी ऐशान्या पहले से ही एयरपोर्ट पर मौजूद थे।
परिवार ने जैसे ही पीएम मोदी को देखा, उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। यह दृश्य देखकर प्रधानमंत्री खुद भी भावुक हो गए। उन्होंने शुभम के पिता के कंधे पर हाथ रखकर उन्हें ढांढस बंधाया और हमले से जुड़ी जानकारी ली।
शुभम के पिता संजय द्विवेदी ने ऑपरेशन सिंदूर के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। इस पर पीएम मोदी ने कहा, “मुझे यकीन नहीं हो रहा कि इतना बड़ा दुख सहने के बावजूद आप मुझे धन्यवाद दे रहे हैं।”
प्रधानमंत्री ने शुभम की पत्नी ऐशान्या से बात करते हुए कहा, “बेटी, मैं जानता हूं यह तुम्हारे लिए बेहद मुश्किल समय है।” उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरा देश इस परिवार के साथ खड़ा है।
इस मुलाकात के बाद पीएम मोदी चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित जनसभा के लिए रवाना हो गए। मीडिया से बातचीत में ऐशान्या ने कहा, “हमारे लिए पीएम से मिलना भावुक पल था, लेकिन उनका आभार जताना जरूरी था – हमने वही किया।”

