सलोनी तिवारी: कानपुर, 6 मई 2025 (मंगलवार): मैनावती मार्ग स्थित श्री श्री राधा माधव मंदिर (इस्कॉन कानपुर) में सीता नवमी महोत्सव अत्यंत भक्ति, उल्लास और दिव्यता के साथ मनाया गया। यह पर्व माता सीता के अवतरण दिवस के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाया गया, जिन्हें त्याग, पवित्रता और समर्पण की प्रतीक माना जाता है। प्रातः मंगल आरती के साथ ही श्रद्धालुओं का मंदिर में आगमन शुरू हो गया था। श्री श्री सीताराम, लक्ष्मण एवं हनुमान जी के दिव्य विग्रहों को रत्नजड़ित वस्त्रों से अलंकृत किया गया और सुगंधित चंदन से अभिषेक किया गया। प्रातः 8 बजे, श्रीमान राधा रंजन प्रभु जी ने माता सीता की महिमा पर एक प्रेरणादायक कथा प्रस्तुत की। इसके बाद प्रातः 10:30 बजे 108 चांदी के कलशों से पंचगव्य, फलरस और पवित्र द्रव्यों द्वारा श्रीराम-सीता का महा अभिषेक संपन्न हुआ। पूरे मंदिर परिसर में “श्री राम लक्ष्मण जानकी जय जय श्री हनुमान” और हरे कृष्ण महामंत्र के संकीर्तन की गूंज से वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया। मृदंग और करताल की ध्वनि ने भक्ति को और गहरा बना दिया। अंत में, महा आरती और विशेष महाप्रसाद वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ, जिससे हज़ारों श्रद्धालु संतोष और कृतज्ञता से भावविभोर हो उठे।

