सलोनी तिवारी: चित्रकूट। वैशाख माह की अमावस्या पर तपती धूप और प्रचंड गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। रविवार को तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी नदी में आस्था की डुबकी लगाई और पुण्य अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने दान-पुण्य कर तपती भूमि की परवाह किए बिना कामदगिरी की परिक्रमा भी पूरी की।
सुबह से ही रामघाट पर श्रद्धालुओं का तांता लग गया था। मंदाकिनी नदी में स्नान कर श्रद्धालुओं ने मत्यगजेंद्रनाथ मंदिर में जलाभिषेक किया और भगवान कामदनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने “जय श्रीराम” के जयघोष के साथ तपती जमीन पर नंगे पांव कामदगिरी पर्वत की परिक्रमा पूरी की।
धर्मनगरी चित्रकूट के अन्य प्रमुख तीर्थ स्थलों जैसे जानकीकुंड, स्पटिक शिला आदि पर भी श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ उठाया। भीषण गर्मी के बीच दोपहर बाद चली तेज हवाओं और आसमान में छाई बदली ने कुछ राहत प्रदान की।
मेले की व्यवस्था के लिए उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश दोनों राज्यों के प्रशासनिक अधिकारी मेला क्षेत्र में लगातार डटे रहे। सुरक्षा और सुविधा प्रबंधन की कड़ी व्यवस्था के बीच अमावस्या पर्व श्रद्धा और भक्ति के भाव से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।